Advertisement

पेड़ काटने गए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

-पेड़ काटने गए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक। हत्था थाना क्षेत्र के रतवारा गांव निवासी 40 वर्षीय लालबाबू ठाकुर की जख्मी हाल में घर लौटने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, लालबाबू ठाकुर 20 तारीख की सुबह पेड़ काटने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। रात में जब वह घर पहुंचे तो उनकी तबीयत काफी खराब थी और वह जख्मी हालत में थे। परिजनों का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में घर पहुंचा दिया गया।

जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बंदरा लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

शुक्रवार को एसकेएमसीएच में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मेडिकल में मृतक की पत्नी ने पुलिस के समक्ष फर्द बयान दर्ज कराया है।

शुक्रवार शाम जब पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर हत्था थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने शाम में बताया कि मारपीट के बाद घायल व्यक्ति की एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले को लेकर मेडिकल में पुलिस ने फर्द बयान दर्ज किया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।