Advertisement

राजापाकर-बेलकुंडा मार्ग पर लगा थाना सीमांकन बोर्ड, स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

-राजापाकर-बेलकुंडा मार्ग पर लगा थाना सीमांकन बोर्ड, स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिले के राजापाकर-बेलकुंडा सड़क पर महुआ एवं राजापाकर थाना क्षेत्र के सीमांकन को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति अब समाप्त होती दिख रही है। पुलिस अधीक्षक वैशाली के निर्देश पर राजापाकर थाना द्वारा थाना क्षेत्र सीमांकन बोर्ड लगाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने इसका स्वागत किया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर किसी भी घटना या सड़क दुर्घटना के बाद महुआ और राजापाकर थाना पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। सीमांकन स्पष्ट नहीं होने से आम लोगों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 1980 में राजापाकर थाना गठन के बाद से ही महुआ और राजापाकर थाना क्षेत्र की सीमा को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। राजापाकर-बेलकुंडा मार्ग पर सीमांकन संबंधी बोर्ड नहीं होने के कारण कई बार पुलिस प्रशासन के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर बहस भी होती थी।

कुछ समय पूर्व वैशाली पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के राजापाकर थाना निरीक्षण के दौरान स्थानीय मीडिया कर्मियों ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने पहल करते हुए राजापाकर-बेलकुंडा मार्ग पर थाना क्षेत्र सीमांकन बोर्ड लगवा दिया।

अब सीमांकन बोर्ड लग जाने से दोनों थाना क्षेत्रों की सीमा स्पष्ट हो गई है। स्थानीय लोगों ने इसे प्रशासन की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में पुलिस के बीच सीमा विवाद की स्थिति समाप्त होगी और आम नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।