Advertisement

मुजफ्फरपुर में गुरु-शिष्या का रिश्ता बना शादी का बंधन, कोर्ट के फैसले से थमा विवाद

-मुजफ्फरपुर में गुरु-शिष्या का रिश्ता बना शादी का बंधन, कोर्ट के फैसले से थमा विवाद

मुजफ्फरपुर। जिले के कटरा थाना क्षेत्र में गुरु-शिष्या के रिश्ते से जुड़ा एक अनोखा प्रेम प्रसंग चर्चा का विषय बना हुआ है। बर्री कोठी गांव की 20 वर्षीय युवती गुलअफसा प्रवीण अपने ही पड़ोस में रहने वाले प्राइवेट ट्यूटर के साथ प्रेम संबंध में पड़ गई। पढ़ाई के दौरान शुरू हुई यह नजदीकी समय के साथ गहरे रिश्ते में बदल गई।

मामले ने तब तूल पकड़ा जब परिजनों को इस संबंध की जानकारी हुई। परिवार ने जल्दबाजी में युवती की शादी कहीं और तय कर दी, लेकिन युवती ने इस फैसले का विरोध कर दिया। इसके बाद 19 अप्रैल को वह अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई।

घटना के बाद परिजनों ने कटरा थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया, जिसमें कुछ स्थानीय लोगों को आरोपी बनाया गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। बावजूद इसके, दर्ज केस के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की और युवती को बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद युवती को कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान के लिए पेश किया गया। वहां उसने स्पष्ट कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी और अपने प्रेमी से शादी कर चुकी है। कोर्ट ने युवती के बालिग होने की पुष्टि करते हुए उसे अपनी इच्छा के अनुसार पति के साथ जाने की अनुमति दे दी।

कोर्ट परिसर में उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष युवती को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था, जबकि दूसरा पक्ष उसके फैसले का समर्थन कर रहा था। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

अंततः कोर्ट के निर्देश पर युवती को उसके पति के साथ भेज दिया गया। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां ट्यूशन से शुरू हुई कहानी प्यार और फिर शादी तक पहुंच गई।