Advertisement

विभिन्न मांगों को लेकर खेत मजदूरों का धरना-प्रदर्शन, अंचलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

-विभिन्न मांगों को लेकर खेत मजदूरों का धरना-प्रदर्शन, अंचलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

राजापाकर / संजय श्रीवास्तव।

प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में संयुक्त खेत मजदूर संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में दर्जनों महिला-पुरुष खेतिहर मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरना के उपरांत मजदूरों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अंचलाधिकारी गौरव कुमार को सौंपा।
धरना को संबोधित करते हुए सीपीआई नेता मोहित पासवान ने कहा कि गरीब किसान और खेत मजदूर अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दर्जनों बेघर गरीबों को रैयत से भगाने की कोशिश की जा रही है, जबकि सरकार उन्हें रहने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा रही है।
किसान नेता सुमन कुमार ने कहा कि कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा किसान रजिस्ट्री कोड के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं, लेकिन राज्य ही नहीं बल्कि देश के लगभग 90 प्रतिशत लोगों के नाम जमीन नहीं है। ऐसे में उनका फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पाएगा, जिससे किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने किसान पंजीकरण के नियमों में बदलाव की मांग बिहार सरकार एवं केंद्र सरकार से की।


अंचलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना गरीबों को उजाड़ना बंद करने, सभी गरीब परिवारों को पांच-पांच डिसमिल भूमि देने, खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी पर रोक लगाने, बंद पड़े नलकूपों को चालू करने, राजस्व कर्मियों की अनुशंसा पर किसान पंजीकरण करने, धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने, गरीबों के टोलों में सामूहिक एवं निजी शौचालय निर्माण कराने की मांग की गई। इसके साथ ही आवासीय प्रमाण पत्र आधार कार्ड व वोटर कार्ड के आधार पर बनाने, मालगुजारी रसीद को अनिवार्य न करने तथा रामपुर रत्नाकर पंचायत स्थित सरसई सरोवर, रानी पोखर और बैजनाथपुर क्षेत्र में बिना पुनर्वास व्यवस्था किए गरीबों के घर उजाड़ने पर रोक लगाने की मांग शामिल रही।
धरना-प्रदर्शन में सुमन कुमार, प्रेमलाल माझी, दीनबंधु प्रसाद, रेखा देवी, राजेंद्र सिंह, बिंदेश्वर राय, विजय पासवान, सुमन कुमार यादव, शंकर सिंह, मोहित पासवान, मुकेश पटेल, प्रेम माझी, अजय राय, सिताब लाल राय, सुरेश राय, महताब राय सहित दर्जनों महिला-पुरुष खेत मजदूर शामिल रहे।