-बन्दरा में अनोखी शादी: चौक पर ही प्रेमी-प्रेमिका बने दूल्हा-दुल्हन, सैकड़ों लोग बने गवाह
मुजफ्फरपुर।(दीपक तिवारी) । जिले के बंदरा प्रखंड मुख्यालय चौक पर मंगलवार को एक अनोखी घटना ने सभी को चौंका दिया, जब एक प्रेमी जोड़े की शादी अचानक सार्वजनिक स्थल पर ही करा दी गई।बन्दरा चौक पर एक पेट्रोल पंप के समीप हुई इस शादी को देखने के लिए देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि बंदरा प्रखंड के पटसारा पंचायत के एक गांव की रहने वाली युवती और जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के एक युवक के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब 10 दिन पहले युवक प्रेम जाल में फंसाकर युवती को अपने साथ भगा ले गया था। इस दौरान दोनों साथ रहे, लेकिन बाद में युवक ने युवती को शादी का आश्वासन देकर वापस लाने की बात कही।लड़की का कहना था कि 10 दिन पहले उसका प्रेमी उसे भगा कर ले गया।अब कहता है कि उसके घर वाले शादी को राजी नहीं है।वह बाहर कमाने जा रहा है,कमाकर लौटेगा तो धूम धाम से शादी करेगा।लड़की का कहना था कि लड़के का नियत ठीक नहीं है।

मंगलवार दोपहर युवक बाइक से युवती को बंदरा चौक पर छोड़ने आया। युवक उसे छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा है। जैसे ही युवक जाने लगा, युवती ने उसे पकड़ लिया और शोर मचाने लगी।आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी।चौक पर मौजूद एक टोटो चालक का मोबाइल लेकर उसने अपने परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही युवती के परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पकड़ लिया। इसके बाद चौक पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों द्वारा सर्वसम्मति से दोनों की शादी वहीं पेट्रोल पंप के पास करा दी गई।
इस दौरान सैकड़ों लोग इस अनोखी शादी के गवाह बने। शादी के बाद युवती को उसी युवक के साथ विदा कर दिया गया। यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।












