Advertisement

मुजफ्फरपुर में दिव्यांग को जिंदा जलाने की घटना पर उबाल, APWD प्रतिनिधिमंडल ने SSP से की कार्रवाई की मांग

-मुजफ्फरपुर में दिव्यांग को जिंदा जलाने की घटना पर उबाल, APWD प्रतिनिधिमंडल ने SSP से की कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरपुर। जिले के खैरा गाँव में दिव्यांग व्यक्ति के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर आक्रोश गहराता जा रहा है। एशोसिएशन ऑफ पर्सन्स विथ डिसैबलिटिज (APWD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा “कवि जी” के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और न्याय का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हृदय यादव, राष्ट्रीय सचिव सुगंध नारायण सिंह, प्रदेश RTI प्रभारी मुकेश कुमार महतो, भ्रष्टाचार विरोधी मंच के प्रदेश अध्यक्ष बबलू राजपूत, प्रदेश महिला अध्यक्ष अंजू कुमारी एवं प्रदेश सचिव गायत्री देवी शामिल थे।

बताया गया कि दिव्यांग राजेश राय को पारिवारिक विवाद और संपत्ति हड़पने की नीयत से जिंदा जला दिया गया, जो बेहद हृदयविदारक और शर्मनाक घटना है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुजफ्फरपुर के सीनियर एसपी से शिष्टाचार मुलाकात कर दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो इस तरह की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करेंगी।

इस दौरान सैकड़ों दिव्यांगजन भी मौके पर मौजूद रहे। इनमें राजेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी, नीतीश कुमार, रमेश कुमार और बैजनाथ कुमार सहित कई लोग शामिल थे।

संगठन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन देते हुए प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।