-गणित के जादूगर रामानुजन की जयंती धूमधाम से मनाई गई
भागलपुर। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर एवं पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर, भागलपुर में सोमवार 22 दिसंबर 2025 को भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहादुरपुर के सेवानिवृत्त प्राचार्य ए.के. आचार्या, गणित आचार्य महेश कुवर, उप-प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह एवं राजीव लोचन झा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि ए.के. आचार्या ने कहा कि रामानुजन का संपूर्ण जीवन गणित को समर्पित था। वे सच्चे अर्थों में गणित के जादूगर थे। गणित उनके जीवन का अभिन्न अंग था, जिसका प्रमाण उनके द्वारा स्थापित 6165 सूत्र हैं। उन्होंने कहा कि हार्डी जैसे महान गणितज्ञ भी रामानुजन की प्रतिभा देखकर आश्चर्यचकित हो गए थे। कठिन परिस्थितियों में भी गणित के प्रति समर्पण रखने वाले रामानुजन आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं
विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि रामानुजन का जीवन संघर्ष और साधना का प्रतीक है। अभावों में भी सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने की उनकी आदत विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर विद्यालय में गणित आधारित भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, गणितीय दौड़, गणितीय रंगोली, गणितीय चित्रकला, गणितीय बगीचा, गणितीय चार्ट एवं रामानुजन के जीवन पर आधारित एकांकी सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरित करने के लिए रामानुजन पर आधारित एक फिल्म भी दिखाई गई। छात्रों ने एकांकी, गीत एवं भाषण के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए।
गणित आचार्य शांतनु आनंद ने रामानुजन के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला। मंच संचालन डॉ. संजीव कुमार झा ने किया, जबकि अतिथि परिचय राजीव लोचन झा द्वारा कराया गया। धन्यवाद ज्ञापन उप-प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने किया।
मौके पर जयंती प्रमुख महेश कुवर, कौशल कुमार सिंह, शांतनु आनंद, सुरेंद्र चौरसिया, ममता जायसवाल, शशि भूषण मिश्रा, दीपक कुमार झा सहित विद्यालय के सभी आचार्य-बंधु एवं भगिनी उपस्थित थे।












