-कृषि विभाग की कमान संभाली रामकृपाल यादव ने, भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली और किसानों की आमदनी बढ़ाने का लिया संकल्प
पटना।ब्यूरो।
बिहार सरकार में आज कृषि विभाग की बागडोर आधिकारिक रूप से मंत्री रामकृपाल यादव ने संभाल ली। पदभार ग्रहण समारोह के अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यभार संभालते ही पूरा माहौल कामकाज, लक्ष्य और प्रतिबद्धता के संदेश में बदल गया।
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि यह विभाग उनके लिए सिर्फ एक मंत्रालय नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने मुख्यमंत्री और नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो “बड़ी और पवित्र जिम्मेदारी” सौंपी गई है, वह किसानों के हित में पूरी ईमानदारी से निभाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की तरक्की ही प्रदेश की असली तरक्की है।
यादव ने कहा—
“किसान की उत्पादन क्षमता बढ़े, खेतों में पैदावार बढ़े और उनकी आमदनी दोगुनी-तिगुनी हो, यही हमारी पहली प्राथमिकता है।”

केंद्र और राज्य की योजनाओं को मिलेगी गति:
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की उन योजनाओं को तेज़ गति से लागू किया जाएगा, जिनसे कृषि विकास और किसानों की आय में वास्तविक बढ़ोतरी हो सके। प्रधानमंत्री की परिकल्पना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा—
“खुशहाल भारत के लिए मजबूत किसान आवश्यक है।”
पारदर्शिता और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यशैली का वादा:
मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल की पहचान होगी पारदर्शिता, अनुशासन और समन्वय।
“भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली हमारा संकल्प है। अधिकारियों और कर्मचारियों को साथ लेकर ही विभाग आगे बढ़ेगा।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किसानों को “भगवान का स्वरूप” मानने के वक्तव्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नया दौर—नई गति:
नई जिम्मेदारी के साथ मंत्री ने वादा किया कि कृषि मंत्रालय अब तेजी, तर्ज और तमीज़ के नए युग में प्रवेश करेगा, ताकि खेतों में समृद्धि और किसानों के जीवन में खुशहाली सुनिश्चित की जा सके।











