-मोकामा का चुनाव बना सियासी संग्राम, ललन सिंह ने संभाला मोर्चा — बोले “अब हम सबको अनंत सिंह बनकर लड़ना है”
मोकामा।संवाददाता।
बिहार की चर्चित मोकामा विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला अब बेहद दिलचस्प हो गया है। जदयू और जन सुराज प्रत्याशी के काफिलों में हुई भिड़ंत और दुलारचंद यादव की मौत के बाद पूरे राजनीतिक समीकरण में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कांड के बाद पुलिस ने जदयू के बाहुबली प्रत्याशी अनंत सिंह को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अनंत सिंह की अनुपस्थिति में अब केंद्रीय मंत्री एवं जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने मोकामा का कमान अपने हाथों में ले लिया है। सोमवार को वे अनंत सिंह के समर्थन में मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया।

सभा में ललन सिंह ने कहा, “कानून अपना काम निष्पक्षता से कर रही है। मोकामा की घटना एक साजिश का हिस्सा है और हमारे प्रत्याशी को जानबूझकर फंसाया गया है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है, सच जल्द सामने आएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “घटना के बाद हमने कानून का सम्मान किया। पुलिस ने कार्रवाई की और अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अब उनकी अनुपस्थिति में हमने मोर्चा संभाल लिया है। अब हम सबका दायित्व है कि हम अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़ें।”
ललन सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया — “जब तक अनंत सिंह बाहर थे, हमारी जिम्मेदारी कम थी। लेकिन अब जब वे जेल में हैं, तो हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है। हर कार्यकर्ता अब अनंत सिंह की तरह मैदान में डट जाए।”
#मोकामा_चुनाव #अनंतसिंह #ललनसिंह #JDU #BiharElection2025 #PoliticalNews #A2ZNewsLive #आपकीबातदीपककेसाथ











