Advertisement

लोकतंत्र के महापर्व की तैयारी चरम पर: 3 नवंबर को मुजफ्फरपुर में चलेगा मेगा स्वीप कैंपेन

-लोकतंत्र के महापर्व की तैयारी चरम पर: 3 नवंबर को मुजफ्फरपुर में चलेगा मेगा स्वीप कैंपेन

— जिले भर में एक साथ गूंजेगी मतदान शपथ, शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम में होगा मुख्य कार्यक्रम
————————
मुजफ्फरपुर।संवाददाता।

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर मुजफ्फरपुर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान अब परवान पर पहुंच चुका है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में लगातार चल रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के क्रम में 3 नवंबर को पूरे जिले में एक साथ “मेगा स्वीप कैंपेन” आयोजित किया जाएगा। यह अभियान जिले में लोकतंत्र के महापर्व को जन-जन तक पहुंचाने की एक ऐतिहासिक पहल साबित होगी।

इस मेगा अभियान के तहत सुबह 9:00 बजे पूर्वाह्न से जिला मुख्यालय, सभी प्रखंड मुख्यालयों, पंचायतों और गांव-गांव में एक साथ मतदाता/ भावी मतदाता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सभी वर्गों — अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, सफाईकर्मी, मजदूर, किसान, व्यापारी, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा — एक स्वर में लोकतंत्र की रक्षा और अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए शपथ लेंगे।

मुख्य कार्यक्रम शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम में
——————–
जिला मुख्यालय में इस अभियान का मुख्य आयोजन शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम, मुजफ्फरपुर में किया जाएगा। यहां एक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न प्रकार की स्वीप गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता से संबंधित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी, रैली सहित कई अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसका आयोजन आईसीडीएस जीविका शिक्षा विभाग स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण विकास विभाग सहित कई अन्य सरकारी विभागों द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई गई है।

गांव-गांव में गूंजेगी लोकतंत्र की शपथ
——————–
3 नवंबर को यह अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के सभी 16 प्रखंडों के पंचायत स्तर पर भी इसी समय शपथ ग्रहण और जागरूकता कार्यक्रम होंगे। हर पंचायत, विद्यालय परिसर, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र एवं सामुदायिक स्थलों पर नागरिक एकत्र होकर मतदान के महत्व की शपथ लेंगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य है — जिले के हर मतदाता और भावी मतदाता को यह संदेश देना कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिकतम मतदाता 6 नवंबर को मतदान केंद्र तक पहुंचे और मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करें।

जागरूकता से बढ़ेगी भागीदारी
——————
स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में बीते कुछ हफ्तों से लगातार विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं — जैसे साइकिल रैली, वॉकथॉन, चौपाल, दीवार लेखन, क्विज प्रतियोगिता, मतदाता गीत, और महिला मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान। इन सबका उद्देश्य मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ‘No Voter To Be Left Behind’ (कोई मतदाता न छूटे) के सिद्धांत को साकार करना है।

3 नवंबर को आयोजित होने वाला मेगा स्वीप कैंपेन इस जन-जागरण का चरम बिंदु होगा, जिसमें सभी नागरिकों की भागीदारी से जिले में एक सकारात्मक लोकतांत्रिक माहौल बनेगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अपील
——————
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने जिलेवासियों से अपील की है कि —

“लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। 3 नवंबर को अपने-अपने पंचायत एवं गांव में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों और 6 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।”

उन्होंने कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। प्रत्येक व्यक्ति का एक वोट देश की दिशा तय करती है। अतः यह हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

जिला प्रशासन ने इस बार अधिकतम मतदान प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। विशेषकर प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाता, महिला मतदाता, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों को जोड़ने पर जोर दिया गया है। विभिन्न प्रखंडों में “माई वोट – माई प्राइड” थीम पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

लोकतंत्र के महापर्व की ओर एक और कदम
—————–
मेगा स्वीप कैंपेन के माध्यम से मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन न केवल मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है, बल्कि इस पहल के जरिये जिले का नाम “सर्वाधिक मतदाता भागीदारी वाले जिले” के रूप में देश/ विश्व के मानचित्र पर दर्ज कराने की दिशा में अग्रसर है।

3 नवंबर को जिले के हर गांव, हर मोहल्ले, हर टोले से एक ही आवाज गूंजेगी —
“हम शपथ लेते हैं कि हम अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करेंगे।”

मुजफ्फरपुर इस बार न केवल मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगा, बल्कि देशभर में मतदाता जागरूकता का उदाहरण भी प्रस्तुत करेगा।