-STET अभ्यर्थियों पर बर्बर पुलिसिया दमन के खिलाफ तथा अभ्यर्थियों की न्यायसंगत मांगों को अविलंब पूरा करने की मांग पर प्रतिवाद मार्च एवं सभा
मुजफ्फरपुर, 21 अगस्त 2025
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की ओर से STET अभ्यर्थियों पर हुए बर्बर पुलिसिया दमन के खिलाफ तथा उनकी न्यायोचित माँगों की पूर्ति की माँग को लेकर एल.एस. कॉलेज, मुजफ्फरपुर से प्रतिवाद मार्च निकाला गया और कॉलेज के मुख्य द्वार पर सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए AIDSO के राज्य अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि STET अभ्यर्थी कई महीनों से TRE-4 (शिक्षक भर्ती परीक्षा-4) के पूर्व STET(माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा) आयोजित करने की माँग को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से आंदोलनरत हैं। लेकिन पिछले पंद्रह दिनों के भीतर ही दो-दो बार बिहार पुलिस ने उनके ऊपर निर्दयतापूर्वक लाठीचार्ज किया, जो अत्यंत निंदनीय है। दोनों बार ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता में आश्वासन दिया था कि 10 दिनों के भीतर अधिसूचना जारी कर परीक्षा कराई जाएगी, किंतु आज तक वादा पूरा नहीं हुआ। यहाँ तक कि उच्च न्यायालय ने भी सरकार को परीक्षा कराने का निर्देश दिया है, फिर भी दो वर्षों से परीक्षा आयोजित नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव से पूर्व TRE-4 आयोजित करने की घोषणा कर दी, जबकि लाखों बी.एड. पास और STET की तैयारी कर रहे छात्र लंबे समय से परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यह कदम छात्रों के साथ स्पष्ट धोखा और अन्याय है।

प्रतिवाद सभा के माध्यम से AIDSO ने माँग की कि
– सरकार तुरंत लाठीचार्ज में शामिल दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करे।
– TRE-4 से पूर्व STET परीक्षा आयोजित करने की तिथि घोषित करे
– सभी रिक्त पदों पर पारदर्शी और स्थायी बहाली सुनिश्चित करे।
सभा की अध्यक्षता करते हुए शिव कुमार ने कहा कि छात्र-युवाओं पर हो रहे इस दमन और अधिकारों पर हमले के खिलाफ अब आंदोलन को और तेज करना होगा। उन्होंने छात्रों एवं न्यायपसंद तमाम लोगों से आह्वान किया कि वे उच्च नैतिकता, नीति और आदर्शों के आधार पर संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष को आगे बढ़ाएँ।
प्रतिवाद मार्च का नेतृत्व जिला कमिटी सदस्य अभिषेक कुमार, रूपा कुमारी, अली अख़्तर, कोमल कुमारी, रितिक कुमार, तरन्नुम ख़ातून आदि ने किया।








