Advertisement

आधी रात को बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख, दो बकरियों की भी मौत

-आधी रात को बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख, दो बकरियों की भी मौत

मुजफ्फरपुर। गायघाट थाना क्षेत्र के जारंग (पश्चिमी) पंचायत अंतर्गत चन्द्रहाँस नगर के चौपाल टोला में मंगलवार की आधी रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस हादसे में दूखिया देवी, पति स्वर्गीय नंदकिशोर चौपाल का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया।

घटना के समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, लेकिन समय रहते सभी ने किसी तरह भागकर जान बचाई। हालांकि इस हादसे में घर में बंधी दो बकरियां जलकर मर गईं। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा घर और उसमें रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सरपंच ओमप्रकाश कुंवर और मुखिया राजीव कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। दोनों जनप्रतिनिधि मौके पर कैंप कर रहे हैं और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा एवं पुनर्वास की मांग की है।