-जन संवाद में बोले पूर्व मंत्री अजीत कुमार— “जनता का साथ मिला तो बैरिया-जगदंबा नगर का होगा समग्र विकास”
-जनप्रतिनिधियों पर भरोसा खो चुके लोगों ने हाथ उठाकर दिया समर्थन
मुजफ्फरपुर | 20 जून। संवाददाता – दीपक कुमार तिवारी।
राज्य के पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अजीत कुमार ने शुक्रवार को मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित जगदंबा नगर में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और अपने क्षेत्र की समस्याएं खुलकर रखीं।
जनता ने पूर्व मंत्री के समक्ष मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति, बिजली की अनियमित आपूर्ति, और बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने में की जा रही मनमानी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने आश्वस्त करते हुए कहा कि “मुख्य सड़क का टेंडर सरकार द्वारा कर दिया गया है, और नाले के साथ उसका निर्माण कार्य अगले दो महीनों के भीतर शुरू हो जाएगा।” विद्युत समस्या पर उन्होंने मौके पर ही बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर 48 घंटे में समाधान का वादा किया।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने की शिकायत पर उन्होंने कहा, “ऑनलाइन आवेदन करें, मैं खुद संबंधित अधिकारियों से बात करूंगा और आपका नाम जुड़वाऊंगा।”
जन संवाद में मोहल्ला वासियों का आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों ने कहा कि बीते 10 वर्षों में कोई भी निर्वाचित विधायक क्षेत्र में नहीं आया। उन्होंने यह भी कहा कि “आपके द्वारा बनाई गई सड़क अब खंडहर में बदल चुकी है। हम नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।”
अजीत कुमार ने भरोसा दिलाया, “अब विकास की चिंता मत कीजिए। शहरी क्षेत्र से सटे कांटी विधानसभा के सभी हिस्सों का विकास मेरी प्राथमिकता है। बस आप सबका साथ चाहिए।” इसके जवाब में लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता हरि किशोर बैठा ने की।
इस अवसर पर रामनाथ कुशवाहा, बम बम शाही, रमेश पाठक, ओम बाबा, राकेश सिंह, अजय कुमार मिश्रा, विनोद कुमार, शंकर भगत, रामचंद्र भगत, दिनेश कुमार, प्रभात कुमार, चंदन कुमार, अजय भगत, अंजन कुमार, बृजनंदन कुशवाहा, हीरालाल पाठक, निखिल कुमार समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।











