-दलित टोले के विद्यालय को दूसरे गांव में टैग किए जाने पर ग्रामीणों में आक्रोश
-आमरण अनशन की चेतावनी
कटरा (मुज़फ़्फरपुर)। ब्यूरो ।
कटरा प्रखंड के लखनपुर पंचायत अंतर्गत तबक्कलपुर गांव में स्थित एकमात्र विद्यालय को दूसरे गांव में टैग किए जाने से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया है। रविवार को कांग्रेस नेता दीनबंधु क्रांतिकारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बैठक कर विरोध जताया और इसे दलित बस्ती के प्रति प्रशासनिक उपेक्षा और षड्यंत्र बताया।
बैठक को संबोधित करते हुए दीनबंधु क्रांतिकारी ने कहा कि पूरे बिहार में भवनहीन एवं भूमिहीन विद्यालयों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, और विशेषकर कटरा व औराई प्रखंड में बीते छह महीनों में करीब दर्जनभर विद्यालयों को इसी कारण टैग या मर्ज कर दिया गया है। दुर्भाग्यवश, इनमें अधिकतर विद्यालय दलित बस्तियों में स्थित थे। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे विद्यालयों के लिए आधारभूत संरचना विकसित करनी चाहिए थी, न कि उन्हें बंद करना चाहिए।

ग्रामीण पावन राम ने बताया कि तबक्कलपुर गांव का यह एकमात्र विद्यालय था, जिसे अब तीन किलोमीटर दूर अन्य गांव में टैग कर दिया गया है। इससे गांव के छोटे बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से बाधित होगी। ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी से मिलने के लिए पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की घोषणा की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विद्यालय को पुनः गांव में संचालित करने की मांग नहीं मानी गई, तो पूरे गांव के लोग अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर कांग्रेस युवा नेता विक्की पासवान, रंजन कुमार सिंह, संजीव राम, अनिल कुमार गुप्ता, रामलखन राम, गोविन्द कुमार, पिलखी देवी, गरीब राम, हुलास राम, उदगार राम, नंद किशोर राम समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।











