-नवरात्रा पर लदौर और बलहा में भक्तिमय कार्यक्रम
-भस्म आरती और अष्टयाम का आयोजन
मुजफ्फरपुर/गायघाट। संवाददाता
नवरात्रा के शुभ अवसर पर गायघाट प्रखंड में जगह-जगह भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। आदर्श ग्राम लदौर में हर वर्ष की भांति इस बार भी शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-पाठ और चैती दुर्गा मेला का आयोजन किया गया है।
पैक्स अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, राजन झा, संजय कुमार, मनोज झा, गोपाल सर, पिंटू कश्यप समेत अनेक समाजसेवी ग्रामीणों के सहयोग से यह मेला 7 अप्रैल 2025 तक चलेगा। जानकारी मिली है कि इस बार विशेष रूप से बनारस से पंडित जी को बुलाकर भस्म आरती का आयोजन भी किया जाएगा, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

इधर, ग्राम पुरानानकार बलहा में 6 अप्रैल को कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही तीन दिवसीय अष्टयाम कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम में कई प्रसिद्ध लोक कलाकार भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।
स्थानीय नवयुवक समिति कार्यक्रम की तैयारी में सक्रिय भूमिका निभा रही है। समिति के सदस्य सुखा सहनी, जयकरण कुमार, रौशन कुमार, मुकेश कुमार, आदित्य, हरदेव समेत अनेक युवा तन-मन से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
पूरे क्षेत्र में नवरात्रा को लेकर धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।











