-दो बाईकों की टक्कर में एक की मौत, दूसरा जख्मी
समस्तीपुर। शुक्रवार को जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के नजदीक दो बाईकों की सीधी टक्कर में एक बाईक सवार की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, जबकि दूसरा बाईक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के शंभूपट्टी निवासी प्रेम सिंह का 30 वर्षीय पुत्र साजन कुमार उर्फ राजा के तौर पर हुई है, जबकि घायल ताजपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर निवासी बताया गया है जिसका नाम स्पष्ट नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों ने जख्मी को उपचार के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। इधर जानकारी मिलने पर ताजपुर थाना के थाना अध्यक्ष सन्नी कुमार मौसम अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि यह सड़क दुर्घटना ताजपुर – समस्तीपुर मार्ग पर घटित हुआ है।












