-बॉक्स ऑफिस पर सुस्त रही अभिषेक बच्चन की ‘घूमर’, तारीफों के बाद भी कमाए इतने करोड़
बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन की फिल्म घूमर 18 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म की कहानी को काफी पसंद किया जा रहा है। सेलिब्रिटीज से लेकर आम जनता सोशल मीडिया पर फिल्म को अच्छे रिव्यू दे रहे हैं। लेकिन इन सबके बावजूद कमाई के मामले में काफी स्ट्रगल करना पड़ रहा है। अब फिल्म के दूसरे दिन का कलेक्शन भी सामने आ चुका है जो कि ओपनिंग डे के मुकाबले बेहतर रहा।
फिल्म घूमर में अभिषेक बच्चन और सैयामी खेर की एक्टिंग की फैंस काफी तारीफ कर रहे हैं। पहले दिन फिल्म ने 0.85 करोड़ का कलेक्शन किया जो कि उम्मीद के मुकाबले काफी कम रहा। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, घूमर ने दूसरे दिन 1.20 करोड़ रुपए की कमाई की है। ऐसे में फिल्म का अबतक का कुल कलेक्शन 2.05 करोड़ रुपए हो गया है। हालांकि अब पहले वीकेंड का रविवार यानि आज भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर सकती है। देखना होगा कि मेकर्स को छुट्टी का कितना फायदा मिलता है।

फिल्म घूमर की कमाई ओएमजी 2 और गदर 2 के मुकाबले वीकेंड पर काफी काफी सुस्त रही। इन दोनों फिल्मों की वजह से घूमर को कड़ी टक्कर मिल रही है। ऐसे में ये कह पाना मुश्किल है कि घूमर ज्यादा दिन थिएटर्स पर टिकने कामयाब रह पाएगी। माना ये भी जा रहा है कि दो बड़े बजट की फिल्मों की वजह से घूमर को ऑडियंस नहीं मिल पा रही है। बेहतरीन काम करने के बावजूद अभिषेक बच्चन की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर पा रही है।
फिल्म घूमर में अभिषेक बच्चन एक कोच का किरदार निभाते हुए नजर आए। फिल्म की कहानी एक महिला क्रिकेटर के इर्द-गिर्द घुमती है। जो एक हादसे के दौरान अपना एक हाथ गंवा बैठती है। लेकिन फिर भी वह हिम्मत नहीं हारती और अपना सपना पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करती है। इसमें उनका साथ अभिषेक बच्चन देते हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन और सैयामी खेर के अलावा शबाना आजमी, सैय्यामी खेर और अंगद बेदी जैसे कई बड़े एक्टर्स लीड रोल में नजर आए।
















