-पांच महीने पहले दी थी चेतावनी, अब तोखा सिंह बांध पर मंडरा रहा खतरा
-बांध के ऊपर से बह रहा पानी, आसपास के गांवों में बढ़ी चिंता; वीडियो बनाकर प्रशासन को किया था आगाह
तोखा सिंह बांध पर मंडरा रहा खतरा
कटरा। प्रखंड क्षेत्र की तेहवारा पंचायत के बुधकारा स्थित तोखा सिंह बांध पर जलस्तर बढ़ने के साथ खतरा मंडराने लगा है। बांध के ऊपर से पानी बहने की सूचना के बाद आसपास के गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को संभावित बाढ़ और बांध टूटने का डर सताने लगा है।
स्थानीय निवासी रूपेश कुंवर के अनुसार, बांध की जर्जर स्थिति को लेकर करीब पांच महीने पहले ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन को आगाह किया गया था। उस समय जलस्तर कम था और बांध की मरम्मत व सुरक्षा के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद समय रहते बांध की मरम्मत या मजबूती के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।

ग्रामीणों के मुताबिक, बांध की स्थिति की जानकारी कटरा की तत्कालीन अंचलाधिकारी को फोन के माध्यम से भी दी गई थी। बांध से संबंधित वीडियो भी उन्हें भेजे जाने का दावा किया गया है। अब पानी बढ़ने के बाद बांध के ऊपर से बहाव शुरू होने पर ग्रामीणों में भय का माहौल है।
लोगों का कहना है कि पानी के लगातार दबाव से बांध को नुकसान पहुंचने की आशंका है। यदि समय रहते सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो आसपास के गांव प्रभावित हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल मौके पर अधिकारियों व तकनीकी टीम को भेजकर बांध का निरीक्षण कराने, पानी के बहाव को नियंत्रित करने तथा आवश्यकतानुसार बांध को मजबूत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पांच महीने पहले दी गई चेतावनी पर समय रहते कार्रवाई होती तो वर्तमान स्थिति से बचा जा सकता था।












