Advertisement

मुजफ्फरपुर: धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने को लेकर जिला पदाधिकारी ने की बैठक

मुजफ्फरपुर।सम्वाददाता।

धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने को लेकर जिला पदाधिकारी श्री प्रणव कुमार ने आज समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी के साथ बैठक किया। जिले में लगभग 2 लाख मीट्रिक टन धान अधिप्राप्ति का संभावित लक्ष्य रखा गया है। जिला पदाधिकारी ने पैक्स को सक्रिय होकर काम करने का निदेश दिया । उपस्थित प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को पैक्स और किसानों से बेहतर समन्वय स्थापित कर शीघ्रता से धान अधिप्राप्ति कार्य करने को निदेश दिया। वही प्रखंड कृषि पदाधिकारी को किसानों को अधिकाधिक धान अधिप्राप्ति के लिए प्रेरित करने का निदेश दिया। निष्क्रिय समितियों को सक्रिय करने का निदेश दिया गया। पैक्स से मिलर की संबद्धता और रोटेशन को क्रियाशील करने का भी निदेश दिया गया।

किसानों का निबंधन भी काफी कम होने पर नाराजगी व्यक्त की गई है। जिला पदाधिकारी ने कमतर परफाॅरमेन्स वाले प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी पर सख्त कार्रवाई करने का निदेश दिया । 70 फीसदी से कम किसान निबंधन कराये जाने वाले प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी का 1-6 फरवरी तक का वेतन स्थगन करते हुए स्पष्टीकरण की पृच्छा की गई है। उन्होनें कहा कि सरकार की यह निर्वाचन की भाॅति ही सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। लापरवाही एवं कोताही बरतने पर अनिवार्य सेवा वस्तु अधिनियम (एसमा) के तहत कठोर कार्रवाई की जायेगी। गौरवतलब है कि 15 फरवरी तक ही धान अधिप्राप्ति कार्य किया जाना है। बोचहाॅ, औराई, पारू में काफी खराब स्थिति पर नराजगी व्यक्त की गई है। दोनों अनुमंडल पदाधिकारी को पैक्सों के साथ बैठक कर इसमें तेजी लाने को कहा गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री विजय कुमार पाण्डेय, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री बीरेन्द्र कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी ज्ञान प्रकाश एवं पश्चिमी बृजेश कुमार तथा वरीय उप समाहर्ता शारंग मणि पाण्डेय, आदि उपस्थित थे।