Advertisement

गुड न्यूज: झारखंड सरकार सहयोग करे तो केंद्र, धनबाद में एयरपोर्ट सेवा शुरू करने को तैयार : ज्योतिरादित्य सिंधिया

*गुड न्यूज: झारखंड सरकार सहयोग करे तो केंद्र, धनबाद में एयरपोर्ट सेवा शुरू करने को तैयार : ज्योतिरादित्य सिंधिया

*राज्य सरकार जितनी भूमि अधिगृहित कर सकेगी, उतनी क्षमता के विमान की उड़ान के लिए हवाईअड्डा निर्माण संभव

*भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने तकनीकी रिपोर्ट भी राज्य सरकार को सौंप दी

धनबाद ।दिलीप।

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि झारखंड सरकार सहयोग करे तो केंद्र धनबाद में एयरपोर्ट सेवा शुरू करने को तैयार है। एयरपोर्ट के लिए जमीन चाहिए, जिसका अधिग्रहण राज्य सरकार को करना है।राज्य सरकार जमीन उपलब्ध करा दे तो केंद्र एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है। धनबाद में एयरपोर्ट को लेकर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने तकनीकी रिपोर्ट भी राज्य सरकार को सौंप दी है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि धनबाद में हवाईअड्डा राज्य सरकार के स्वामित्व में है। विमानपत्तन प्राधिकरण ने हवाई सेवाओं के संचालन के लिए तकनीकी अध्ययन कर राज्य सरकार को भेजा था।

राज्य सरकार द्वारा सहयोग मिलने पर धनबाद में हवाई सेवा शुरू की जा सकती है। उन्होंने कहा कि नागर विमानन नियमावली के अनुसार, 48 सीटर विमान के लिए 37 एकड़ और 68 सीटर के लिए 113 एकड़ भूमि चाहिए। इस जमीन का अधिग्रहण राज्य सरकार द्वारा किया जाना चाहिए।राज्य सरकार जितनी भूमि अधिगृहीत कर सकेगी, उतनी क्षमता के विमान की उड़ान के लिए हवाईअड्डा निर्माण संभव हो सकेगा। धनबाद के मौजूदा रनवे में उतनी जगह नहीं है। यह राज्य सरकार के ऊपर निर्भर करता है। मेरा राज्य सरकार से अनुरोध है कि वह धनबाद में हवाईअड्डे का नियमबद्ध उन्नयन कर हवाई सेवाएं शुरू करवाने में केंद्र को सहयोग दें। केंद्र सरकार प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने में सहयोग करेगा।