Advertisement

-9 लोगों की मौत वाले ICU अग्निकांड के बाद फिर खुला मुजफ्फरपुर का प्रसाद हॉस्पिटल

-9 लोगों की मौत वाले ICU अग्निकांड के बाद फिर खुला मुजफ्फरपुर का प्रसाद हॉस्पिटल

मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा स्थित चर्चित प्रसाद हॉस्पिटल को कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार से आम लोगों के लिए दोबारा खोल दिया गया है। आईसीयू वार्ड में लगी भीषण आग की घटना के बाद अस्पताल को प्रशासन ने सील कर दिया था। इस हादसे में इलाज के दौरान विभिन्न अस्पतालों में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
प्रसाद हॉस्पिटल में हुए अग्निकांड के बाद सुरक्षा मानकों और लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल को बंद कर दिया था। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने न्यायालय में गुहार लगाई थी। लंबी कानूनी प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था की जांच के बाद कोर्ट ने अस्पताल को दोबारा संचालित करने की अनुमति दे दी।


कोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल में ओपीडी समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया है कि हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए गए हैं। फायर फाइटिंग सिस्टम को अपडेट किया गया है, आपातकालीन निकास व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है और आईसीयू की विद्युत प्रणाली में भी बदलाव किए गए हैं।
अस्पताल खुलने के बाद मरीजों और स्थानीय लोगों को इलाज की सुविधा मिलने लगी है, लेकिन हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के जख्म अभी भी ताजा हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि अस्पताल संचालन की अनुमति मिलने के बाद प्रशासन को सुरक्षा मानकों पर लगातार निगरानी रखनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं हो।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रसाद हॉस्पिटल को सुरक्षा मानकों के पालन की शर्तों के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। अस्पताल की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर बनी रहेगी। अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी ड्यूटी संभाल ली है और मरीजों का इलाज शुरू हो गया है।