-चंदवारा ब्रिज के पास बूढ़ी गंडक में अवैध बालू खनन की शिकायत पर संयुक्त जांच
-स्थल निरीक्षण में मिलीं कई अनियमितताएं
मुजफ्फरपुर। चंदवारा ब्रिज निर्माण परियोजना के समीप बूढ़ी गंडक नदी क्षेत्र में कथित अवैध बालू खनन के मामले में गुरुवार को प्रशासन और बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण किया। अपर समाहर्त्ता (राजस्व), मुजफ्फरपुर सहित संबंधित अधिकारियों और मामले से जुड़े पक्षों की मौजूदगी में हुई जांच के दौरान याचिकाकर्ता देवव्रत कुमार साहनी की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुरूप कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है। अब संयुक्त समिति पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित प्राधिकार को सौंपेगी।
यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), पूर्वी बेंच, कोलकाता में दायर वाद O.A. No. 185/2026/EZ (देवव्रत कुमार साहनी बनाम बिहार राज्य एवं अन्य) में पारित आदेशों के अनुपालन में की गई। एनजीटी ने 14 अगस्त 2026 और 16 अक्टूबर 2026 को इस मामले में आदेश पारित किया था।

दरअसल, चंदवारा ब्रिज निर्माण परियोजना के आसपास बूढ़ी गंडक नदी क्षेत्र में कथित अवैध बालू खनन और पर्यावरणीय अनियमितताओं को लेकर एनजीटी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के तथ्यों का सत्यापन करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के सुझाव देने के लिए बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए संयुक्त समिति गठित की गई थी।
इसी क्रम में जिला खनन शाखा के पत्रांक 1534/एम, दिनांक 18 नवंबर 2026 के आलोक में अपर समाहर्त्ता (राजस्व) को समिति का प्रतिनिधित्व करते हुए स्थल निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था।
निरीक्षण के दौरान नदी क्षेत्र और ब्रिज निर्माण स्थल के आसपास की स्थिति का जायजा लिया गया। इसमें खनन से जुड़े पहलुओं के साथ पर्यावरणीय स्थिति का भी आकलन किया गया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संयुक्त समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।
इस मामले में प्रोजेक्ट प्रोपोनेंट एम/एस जेएम एंटरप्राइजेज इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और याचिकाकर्ता पक्ष की ओर से उठाए गए बिंदुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। अब संयुक्त जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन अनियमितताओं की आधिकारिक पुष्टि होती है और उनके आधार पर क्या सुधारात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाती है।












