-होटल में साइबर अपराध का खुलासा, पुलिस ने छह आरोपितों को किया गिरफ्तार
-लैपटॉप-मोबाइल और हस्ताक्षरित चेक बरामद
मुजफ्फरपुर। शहर के इमलीचट्टी स्थित महालक्ष्मी होटल में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने ब्रह्मपुरा थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से 18 नवंबर को होटल में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, हस्ताक्षरित चेक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
छापेमारी की कार्रवाई प्रोबेशनरी एएसपी विक्रमजीत के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के अवध कुमार गुप्ता, राजेपुर थाना क्षेत्र के समरजीत कुमार उर्फ सुमित कुमार,

मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मो. मुर्शीद आलम, कांटी थाना क्षेत्र के रोशन कुमार, बेला थाना क्षेत्र के सुमन कुमार सुमन उर्फ सुमित कुमार सुमन और काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के प्रिंस राज उर्फ सन्नी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में समरजीत कुमार जिला उद्योग कार्यालय में संविदा पर कार्यरत है, जबकि सुमन कुमार सुमन बेला क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक है।
होटल में एक साथ छह लोगों की मौजूदगी और छापेमारी के दौरान मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, हस्ताक्षरित चेक एवं दस्तावेजों को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस बरामद सामान के आधार पर साइबर अपराध से जुड़े संभावित नेटवर्क और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल में जुटी है।











