-78सालों बाद साकार हुआ सड़क निर्माण का सपना,गदगद हैं बस्ती के लोग
-लिया धन्यवाद सभा आयोजित करने का निर्णय
-सालों से सड़क के लिए लालायित थी बस्ती की आबादी
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र में एक ऐसा भी ग्रामीण बस्ती है। जहां के लोगों को 78 सालों बाद संपर्क सड़क का सपना साकार हो सका है।जिससे बस्ती के लोग बेहद खुश हैं और इस उपलक्ष्य में जश्नमय माहौल में धन्यवाद सभा कार्यक्रम के आयोजन का फैसला किया है। यह बस्ती प्रखंड के सुंदरपुर रतवारा पंचायत के वार्ड संख्या 12 में स्थित अल्पसंख्यकों की बस्ती है। शनिवार को इस बस्ती में ग्रामीण अनिल कुमार मल्लिक ने बताया कि वार्ड संख्या 12 में अशरफ अंसारी के घर से सुमन सहनी के घर तक करीबन 600 से ज्यादा फिट में 12लाख 35हज़ार की राशि से संपर्क सड़क का निर्माण किया गया है। सोलिंग सह पीसीसी सड़क के निर्माण कार्य कराए गए हैं। जिससे बस्ती के करीब 500 से ज्यादा आबादी को लाभ पहुंचा है। करीब 200 से ज्यादा परिवारों के बीच इस सड़क से काफी खुशी है।काफी मोटी और मजबूत सड़क का निर्माण देख बस्ती के लोग काफी गदगद हैं। दरअसल 78 सालों से इस बस्ती के लोग संपर्क सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क के अभाव में लोग खासकर बरसात के दिनों में काफी परेशान रहते थे। हल्की बरसात के साथ हीं परेशानी शुरू हो जाती थी। कई महीने तक जल जमाव एवं कीचड़ों आदि की वजहों से घरों से लोगों का निकलना बेहद मुश्किल होता था। घुटने भर तक लोग पानी तैर कर बस्ती से बाहर मुख्य तक आते थे। शादी-विवाह एवं श्राद्ध का माहौल हो। किसी की मौत की घटनाओं के बाद दरवाजा से शव को निकलना भी मुश्किल था। प्रसव पीड़ित महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल पाती थी। सुख-दुःख की तमाम परेशानियों के बीच जिल्लत एवं किल्लत भारी जिंदगी बस्ती के लोग जीते रहे हैं।इस विकट स्थितियों के बीच लोग संपर्क सड़क निर्माण की मांग करते रहे। ना सोलिंग सड़क बन पा रहा था और न हीं पीसीसी सड़क। लिहाजा लोग नाउम्मीद हो चुके थे।

ग्रामीणों के लगातार मांग के बीच विधायक योजना से अबकी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली और बस्ती के लोगों ने खुद के नजरों के बीच बेहतर गुणवत्ता से सड़क का निर्माण कराया ताकि भविष्य में फिर इसी तरीके के परेशानी के दौड़ से उन लोगों को न गुजरना पड़े। सड़क निर्माण से खुशी ऐसी की बस्ती के लोगों ने बाकायदा एक कार्यक्रम का आयोजन करने का निर्णय लिया है। जिसका नाम रखा जाएगा धन्यवाद सभा। इस कार्यक्रम में तमाम जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर अपनी व्यथा-कथा के साथ हीं गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कार्य पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी जाएगी। उनका धन्यवाद किया जाएगा। बस्ती के लोगों ने बताया कि उनकी सोंच है कि ऐसे में जनप्रतिनिधियों को भी उनके जिम्मेवारी का एहसास होगा। उन्हें यह भी पता चल सकेगा की किसी समस्या के समाधान होने से पीड़ित परिवारों एवं उनके समुदाय को कितनी दोगुनी खुशी और शुकुन मिल पाती है। यह प्रेरणास्त्रोत होगा।












