-70वीं BPSC में प्रिंस कुमार बने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, पूसा के लाल ने बढ़ाया जिले का मान
पूसा, समस्तीपुर, 22 जून 2026। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में पूसा प्रखंड के मोरसंड पंचायत अंतर्गत जागीर टोला निवासी प्रिंस कुमार ने शानदार सफलता हासिल करते हुए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (Labour Enforcement Officer) पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रिंस कुमार, श्री राजीव प्रसाद सिन्हा के सुपुत्र हैं। उनकी सफलता पर पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी एवं समस्तीपुर आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

रौशन कुमार यादव ने कहा कि प्रिंस कुमार की यह उपलब्धि न केवल मोरसंड पंचायत बल्कि पूरे पूसा प्रखंड और समस्तीपुर जिले के लिए गर्व का विषय है। वर्तमान में प्रिंस कुमार धनबाद में आयकर निरीक्षक (Income Tax Inspector) के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले भी वे रेलवे में जूनियर इंजीनियर तथा पोस्टल असिस्टेंट जैसे प्रतिष्ठित पदों पर चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रिंस कुमार की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से किसी भी मंजिल को प्राप्त किया जा सकता है।
रौशन कुमार यादव ने विश्वास जताया कि प्रिंस कुमार अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे।












