-5 साल के प्यार का दर्दनाक अंत: दहेज की मांग के बाद प्रेमी ने शादी से किया इनकार, रेलवे ट्रैक पर पहुंची युवती, डायल-112 ने बचाई जान
मुजफ्फरपुर। जिले में पांच साल पुराने प्रेम संबंध का दुखद अंत सामने आया है। आरोप है कि सगाई के बाद प्रेमी और उसके परिजनों ने दहेज की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर युवक ने शादी से इनकार कर दिया। इससे मानसिक रूप से आहत युवती आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। हालांकि समय रहते डायल-112 पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
घटना कल काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामदयालु रेलवे गुमटी के पास की है। युवती मनियारी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। बताया गया कि करीब पांच वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी एक युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। लंबे समय तक दोनों ने अपने रिश्ते को परिवार से छिपाकर रखा।
जब युवती के परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से तय करने की कोशिश की तो हर बार प्रेमी को इसकी जानकारी मिल जाती थी। आरोप है कि वह किसी न किसी तरह उन रिश्तों को तुड़वा देता था। आखिरकार युवती ने अपने परिवार को प्रेम संबंध की जानकारी दी और उसी युवक से शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए और 29 जून को दोनों की सगाई भी हो गई।

युवती का आरोप है कि सगाई के बाद युवक और उसके परिजनों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। दोनों परिवारों और समाज के लोगों ने कई बार समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी। लगातार तनाव और निराशा के कारण युवती ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया।
कल वह रामदयालु रेलवे गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने उसकी गतिविधि देख तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मुकर्रम अंसारी, बबली कुमारी, रौशन कुमार और विनीत कुमार मौके पर पहुंचे और युवती को सुरक्षित ट्रैक से हटाकर उसकी जान बचा ली।
इसके बाद पुलिस ने युवती को समझाया-बुझाया और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही उसकी काउंसलिंग कराने की सलाह भी दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समय रहते पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं, सगाई के बाद दहेज की मांग और शादी से इनकार के आरोपों ने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












