Advertisement

नवादा में हैरतअंगेज मामला: गर्भवती महिला को सांप ने डंसा, देवर 20 किमी तक हाथ में जिंदा सांप लेकर पहुंचा अस्पताल

-नवादा में हैरतअंगेज मामला: गर्भवती महिला को सांप ने डंसा, देवर 20 किमी तक हाथ में जिंदा सांप लेकर पहुंचा अस्पताल

नवादा। जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के सिरपतिया गांव में सांप के डंसने का एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां सात माह की गर्भवती महिला को सांप ने डंस लिया। घटना के बाद महिला के देवर ने सांप को पकड़ लिया और करीब 20 किलोमीटर तक उसे हाथ में लेकर अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में युवक के हाथ में जिंदा सांप देखकर मरीजों और उनके परिजनों में भी खलबली मच गई।
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। सिरपतिया गांव निवासी रजनी देवी घर में बैठी थीं। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उनके हाथ में डंस लिया। सांप को देखते ही महिला घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उनके देवर पप्पू कुमार भी वहां पहुंच गए।
महिला को सांप के डंसने के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच पप्पू कुमार ने सांप को पकड़ लिया। इसके बाद परिजन रजनी देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन पप्पू ने सांप को छोड़ा नहीं और उसे हाथ में पकड़े हुए करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर अस्पताल पहुंच गया।


अस्पताल में हाथ में जिंदा सांप लेकर पहुंचे युवक को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ देर तक अस्पताल में लोगों की नजरें पप्पू के हाथ में मौजूद सांप पर टिकी रहीं। बताया गया कि उसकी प्राथमिकता अपनी गर्भवती भाभी को तत्काल इलाज दिलाना था।
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने रजनी देवी का इलाज शुरू किया। सात माह की गर्भवती होने के कारण डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। फिलहाल महिला की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पप्पू कुमार ने डॉक्टरों को वह सांप भी दिखाया, जिसने उसकी भाभी को डंसा था। बाद में सांप को एक डिब्बे में रखा गया। बताया गया कि वह सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बात कह रहा था।
हालांकि, सांप को हाथ से पकड़ना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। इससे दोबारा काटे जाने का खतरा रहता है। विशेषज्ञ आम तौर पर सांप को पकड़ने या उसके करीब जाने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की सलाह देते हैं। फिलहाल रजनी देवी का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।