-27.20 लाख की हेरोइन के साथ पांच गिरफ्तार, STF और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मुजफ्फरपुर। बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। टीम ने 13 सितंबर को तुर्की थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 136.35 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 27.20 लाख रुपये है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हेरोइन के अलावा पांच मोबाइल फोन और अवैध कारोबार से जुड़े 2 लाख 54 हजार 770 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ तुर्की थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर जाफराबाद निवासी कुंदन कुमार, परोहा गांव निवासी प्रकाश कुमार और रोहित कुमार, रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के परोहा निवासी सतिश कुमार तथा पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह जेठुली निवासी काजल देवी के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं और पिछले कई वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध आपूर्ति में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह असम के सिलचर और राजस्थान के कोटा से हेरोइन की खेप मंगाता था। इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा असम और अन्य राज्यों में इसकी आपूर्ति की जाती थी।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।












