-26 मई को बीजेपी का दामन थामेंगी रितु जायसवाल, राजनीति में बढ़ी हलचल
सीतामढ़ी। बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व मुखिया रितु जायसवाल 26 मई को दोपहर 12:30 बजे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण करेंगी। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
रितु जायसवाल के बीजेपी में शामिल होने की खबर सामने आने के बाद अलग-अलग वर्गों से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बिहार के बाहर रह रहे बिहार मूल के लोगों ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है और सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों पर चर्चा जारी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रितु जायसवाल का राजनीतिक सफर लगातार संघर्ष और सक्रियता से भरा रहा है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा के दो बड़े चुनाव आरजेडी के सिंबल पर लड़े थे। वहीं हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी किस्मत आजमाई। हालांकि जीत हासिल नहीं कर सकीं, लेकिन चुनावी प्रदर्शन और जनसंपर्क के आधार पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।

मुखिया के रूप में उनके कार्यकाल को भी काफी सराहना मिली। ग्रामीण विकास और सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें कई सम्मान और पुरस्कार मिले, जो उनके काम की पहचान बने। इसके अलावा आरजेडी महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने राज्यभर में महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर सक्रिय भूमिका निभाई।
अब तक उनकी राजनीति सत्ता के खिलाफ मुखर रहने वाली मानी जाती रही है, लेकिन अब सत्ताधारी दल बीजेपी के साथ उनकी नई राजनीतिक पारी कैसी होगी और वे अपने सामाजिक व राजनीतिक एजेंडे को किस तरह आगे बढ़ाएंगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
रितु जायसवाल के इस फैसले को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।












