Advertisement

बेनीबाद के चर्चित अयान हत्याकांड में 6 महीने बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं, पुलिस की छापेमारी जारी

-बेनीबाद के चर्चित अयान हत्याकांड में 6 महीने बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं, पुलिस की छापेमारी जारी

मुजफ्फरपुर/गायघाट (दीपक कुमार)। मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र के शिवदाहा बरैल गांव में पांच वर्षीय अयान की हत्या के चर्चित मामले में छह महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
हालांकि, बेनीबाद थाना प्रभारी राजकुमार गौतम के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसी क्रम में कटरा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की गई, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।


गौरतलब है कि 8 फरवरी को पांच दिनों से लापता पांच वर्षीय अयान का शव उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर मस्जिद के समीप स्थित एक पोखर से बरामद हुआ था। मृतक की पहचान शिवदाहा बरैल निवासी मोहम्मद जुबैर के पुत्र अयान के रूप में हुई थी।
मासूम का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया था। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।
छह महीने बाद भी मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन न्याय की आस लगाए बैठे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।