-सुनसरी हिंसा: घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, मृतकों की संख्या तीन हुई, परिजनों ने शव लेने से किया इंकार
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर: नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में डीजे बजाने को लेकर 26 जुलाई को दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस फायरिंग में घायल एक और युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय रवीन्द्र कुमार मेहता ने मंगलवार को काठमांडू स्थित महाराजगंज टीचिंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले 25 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता और 22 वर्षीय जय प्रकाश मेहता की भी मौत हो चुकी है।

घटना में घायल एक दर्जन से अधिक लोगों का इलाज विराटनगर और काठमांडू के विभिन्न अस्पतालों में जारी है। रवीन्द्र कुमार मेहता की मौत के बाद उनके परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया है। प्रशासन लगातार परिवार को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।
रवीन्द्र की मौत की खबर फैलते ही सुनसरी जिले में एक बार फिर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। हालांकि, बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के कारण हालात पर जल्द काबू पा लिया गया। इसके बावजूद कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
गौरतलब है कि देवानगंज की घटना के बाद भड़के उग्र प्रदर्शन के दौरान गोलबाजार क्षेत्र में भी पुलिस फायरिंग हुई थी, जिसमें 13 वर्षीय गणेश यादव की मौत हो गई थी। लगातार हो रही मौतों से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।












