-24 जून को 17 केंद्रों पर होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मुजफ्फरपुर। जिले में 24 जून को आयोजित होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 10,854 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन से संबंधित नियमावली, दिशा-निर्देश एवं सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सतर्क एवं जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच, प्रवेश प्रक्रिया, निषिद्ध सामग्री पर रोक तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।











