Advertisement

24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र, सम्राट सरकार पेश करेगी विश्वास मत

-24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र, सम्राट सरकार पेश करेगी विश्वास मत

पटना। बिहार की सियासत में एक अहम पड़ाव के तौर पर 24 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस सत्र में नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में विश्वास मत प्रस्ताव पेश कर अपनी सरकार का बहुमत साबित करेंगे। इसको लेकर विधानसभा सचिवालय ने आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे से विधानसभा सत्र की शुरुआत होगी। राजनीतिक दृष्टिकोण से यह सत्र काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी दिन सम्राट सरकार को सदन में अपनी संख्या बल का प्रदर्शन करना होगा।


गौरतलब है कि किसी भी नई सरकार के गठन के बाद उसे विधानसभा में बहुमत साबित करना अनिवार्य होता है। यदि सरकार बहुमत हासिल नहीं कर पाती है, तो उसे इस्तीफा देना पड़ सकता है या फिर सरकार गिर सकती है।
इधर, सत्र की घोषणा से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी, जिसे राजनीतिक हलकों में खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बता दें कि राज्यसभा जाने की घोषणा और निर्वाचित होने के बाद नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब 24 अप्रैल को वे सदन में बहुमत साबित कर अपनी सरकार को स्थायित्व देने की कोशिश करेंगे।