Advertisement

बिहार में मौसम का बदला मिजाज, कटिहार में भारी बारिश तो कई जिलों में हीटवेव का असर

बिहार में मौसम का बदला मिजाज, कटिहार में भारी बारिश तो कई जिलों में हीटवेव का असर

-अगले 4 दिनों में तापमान गिरने के आसार

पटना। बिहार में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में जहां बारिश से राहत मिली है, वहीं कई जिलों में गर्मी और उष्ण लहर (हीटवेव) का प्रकोप जारी है। 24 मई 2026 को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान कटिहार जिले के प्राणपुर में भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि उत्तर-पूर्व और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार रोहतास जिले के डेहरी, शेखपुरा और पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में उष्ण लहर दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस डेहरी (रोहतास) में रिकॉर्ड किया गया। बिहार का अधिकतम तापमान 34.2 से 45.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो सुपौल में सबसे कम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान 24 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

तेज हवाओं का भी असर देखने को मिला। मधेपुरा जिले में अधिकतम हवा की गति 56 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

वर्षा के आंकड़ों में कटिहार जिले का प्राणपुर सबसे आगे रहा, जहां 75.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा कटिहार 32.6 मिमी, नरपतगंज 30.2 मिमी, बैसा 28.6 मिमी, सोनबरसा 28.6 मिमी, किशनगंज 26.4 मिमी, कोचाधामन 21.6 मिमी और परिहार में 21.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान:

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। वहीं अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव के दौरान सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।