-संविधान दिवस पर बच्चों को दिलाई गई बाल विवाह के खिलाफ शपथ, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय हाजीपुर, वैशाली के तत्वावधान में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलकुंडा, राजापाकर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राधिकार की सचिव श्रीमती ऋतु कुमारी के निर्देशानुसार अधिकार मित्र पंकज कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक प्रमोद कुमार ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूक किया गया। उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा समाज से इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लिया गया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीनू कुमारी ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों के साथ उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में बाधक है। इसे रोकना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।












