Advertisement

संविधान दिवस पर बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निकाली पदयात्रा, वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बनेगा बांध

-संविधान दिवस पर बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निकाली पदयात्रा, वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बनेगा बांध

-वाल्मीकिनगर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा

बेतिया/पटना(दीपक कुमार तिवारी)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पश्चिम चंपारण के बेतिया में एनडीए की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा सह संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। उन्होंने सागर पोखरा से राज देवढ़ी परिसर तक करीब दो किलोमीटर की पदयात्रा की। इस दौरान बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। रास्ते में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
पदयात्रा के बाद राज देवढ़ी परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया। उन्होंने कहा कि चंपारण की धरती ऐतिहासिक और गौरवशाली रही है। इसी धरती ने महात्मा गांधी को बापू बनाया और देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। आज की पदयात्रा में लोगों की भागीदारी लोकतंत्र और संविधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को बाबा साहब ने देश को संविधान समर्पित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 1974 के जेपी आंदोलन और 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष ने भ्रम फैलाया था। निर्वाचन आयोग के अनुसार हटाए गए नामों में करीब 36 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित, 22 लाख मृत और सात लाख दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता शामिल थे। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विधानसभा चुनाव में एनडीए को 202 सीटों पर जीत दिलाकर अपना विश्वास जताया है।
मुख्यमंत्री ने रोजगार, शिक्षा और औद्योगिक विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। वैशाली में 1200 एकड़ जमीन पर इलेक्ट्रॉनिक पार्क स्थापित करने की घोषणा की गई है। इसमें करीब 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश और एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं, 31 मार्च 2027 तक एक करोड़ गरीब एवं पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। अब तक करीब 25 लाख परिवारों को राशन कार्ड दिया जा चुका है।


उन्होंने बताया कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू किए गए सहयोग कार्यक्रम में 10.50 लाख आवेदन मिले हैं। इनमें 10 लाख 12 हजार आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। आवेदनों के निपटारे के लिए 30 दिनों की समय-सीमा तय की गई है। लापरवाही बरतने और गलत आदेश जारी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 700 मॉडल विद्यालय शुरू किए गए हैं। इनमें ऑनलाइन शिक्षक और कंप्यूटरीकृत पठन-पाठन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित किए गए हैं। पुराने डिग्री कॉलेजों में 10 हजार प्रोफेसरों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी चल रही है।
पश्चिम चंपारण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर और रक्सौल में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। नेपाल में अत्यधिक बारिश के कारण बिहार में बाढ़ की समस्या उत्पन्न होती है। इससे निजात दिलाने के लिए वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बांध निर्माण की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि नदी की गाद या बारिश से फसल क्षति होने पर प्रखंड कार्यालय में आवेदन करें, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने वाल्मीकिनगर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसे माता सीता और लव-कुश की स्मृतियों से भी जोड़ा जाता है। यहां लव-कुश पार्क के साथ होटल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले 12 वर्षों में बिहार में 65 लाख परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 45 लाख पक्के मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। बिहार के करीब 10 करोड़ लोगों को केंद्र सरकार की ओर से इलाज और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, सांसद सुनील कुमार और विधायक मंगल पांडेय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, नरेंद्र किशोर राम, विधायक रेणु देवी, संजय कुमार पांडेय, राम सिंह, विनय बिहारी, नारायण प्रसाद, समृद्ध वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।