Advertisement

22 नवंबर से शुरू होगा विहिप-बजरंग दल का हित चिंतक अभियान, घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

-22 नवंबर से शुरू होगा विहिप-बजरंग दल का हित चिंतक अभियान, घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

मुजफ्फरपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की ओर से 22 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक हित चिंतक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत मुजफ्फरपुर ग्रामीण जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों, गांवों, मोहल्लों और वार्डों में कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। संगठन की ओर से अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, आपसी एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना बताया गया है। इसके तहत कार्यकर्ता लोगों को संगठन के उद्देश्यों, सेवा कार्यों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देंगे। युवाओं, मातृशक्ति और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी पर भी जोर दिया जाएगा।


महंत अभिषेक पाठक ने कहा कि हित चिंतक अभियान का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने और लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। युवाओं में संस्कार, सेवा और समर्पण की भावना जगाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए मजबूत सामाजिक व्यवस्था तैयार करना भी अभियान का लक्ष्य है।
जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को संगठन के कार्यों से जोड़ेंगे। वहीं, बजरंग दल के जिला संयोजक श्रीराम उर्फ सागर सम्राट ने कहा कि अभियान को ग्रामीण जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने की योजना है। इसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
प्रभात कुमार ने भी सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। संगठन की ओर से लोगों से 22 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान में भाग लेने तथा पत्रकारों से इसकी जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है।