Advertisement

21 जून को 13 केंद्रों पर होगी नीट (यूजी)-2026 परीक्षा, कदाचार रोकने को प्रशासन अलर्ट

-21 जून को 13 केंद्रों पर होगी नीट (यूजी)-2026 परीक्षा, कदाचार रोकने को प्रशासन अलर्ट

मुजफ्फरपुर, 20 जून 2026।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी)-2026 का आयोजन 21 जून को मुजफ्फरपुर जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा एक ही पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा और उनके लिए परीक्षा सायं 6:20 बजे तक चलेगी।
परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों को समय पर केंद्रों पर पहुंचकर पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए शनिवार को समाहरणालय सभागार में अधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान परीक्षा संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामिति बॉक्स, कैलकुलेटर, स्केल, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, हेल्थ बैंड, इयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी पूर्ण रोक रहेगी।


अभ्यर्थियों को वॉलेट, पर्स, हैंडबैग, घड़ी, आभूषण, धातु से निर्मित वस्तुएं, खाद्य सामग्री तथा पानी की बोतल भी परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि माइक्रोचिप, कैमरा, ब्लूटूथ अथवा अन्य संचार उपकरण छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल आवश्यक दस्तावेज लेकर ही परीक्षा केंद्र पहुंचें, क्योंकि निजी सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी परीक्षा केंद्र की नहीं होगी।
परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग भी की जाएगी।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां तीन पालियों में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक सभी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखेगा और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
मुजफ्फरपुर में नीट (यूजी)-2026 के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें चैपमैन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, एमडीडीएम कॉलेज, रामदयालु सिंह कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय गन्नीपुर, एलएनटी कॉलेज, मुखर्जी सेमिनरी, नितीश्वर कॉलेज, जिला स्कूल, एमपीएस साइंस कॉलेज, आरएमएलएस कॉलेज, एलएस कॉलेज तथा तिरहुत अकादमी शामिल हैं।
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।