-घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर परिवार पर हमला
-गर्भवती महिला समेत कई घायल
मुजफ्फरपुर। जिले के करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव टोला भररा में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म के प्रयास और विरोध करने पर पूरे परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 18 अक्टूबर की दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता ने मामले को लेकर पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, पड़ोस के कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला के साथ अभद्रता की और बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़िता के आवेदन के मुताबिक, नबी हसन, मो. मकबुल, मो. करीम उर्फ राजा, हमीदा खातून और शमीना खातून जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि नबी हसन पहले भी उसकी बहू के साथ छेड़खानी करता था। घटना के दिन उसने बहू के कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर जब सास और परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमले के दौरान पांच माह की गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। पीड़िता के अनुसार, उसके पेट पर लात-घूंसों से वार किया गया, जबकि बहू को भी बेरहमी से पीटा गया। इसके अलावा, हमलावरों पर घर में रखा कपड़ों का बक्सा, सोने की चेन और कान की बाली छीनने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का दावा है कि घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शोरगुल सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटे तो आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देते हुए भागने का आरोप है। ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहले मरवन अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़िता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में महिला थाना पुलिस छानबीन में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।












