-राजापाकर हाई स्कूल चौक पर धूमधाम से हुआ रावण दहन, 20 वर्षों से चली आ रही परंपरा
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर बाजार स्थित हाई स्कूल चौक परिसर में विजयादशमी के अवसर पर बुधवार की देर शाम रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पिछले 20 वर्षों से यहां रावण दहन की परंपरा चली आ रही है। इस कार्यक्रम को देखने के लिए प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे। खासकर महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम छह बजे रावण के पुतले का दहन किया गया। हाई स्कूल नवयुवक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष चुन्नू राय ने पुतले में आग लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरे परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही और लोगों ने उत्साह के साथ रावण दहन का नजारा देखा।

कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह और थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा दर्जनों महिला एवं पुरुष सुरक्षा बलों के साथ मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की सतर्कता के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
वहीं, बैकुंठपुर पंचायत के दिलावरपुर में इस वर्ष पहली बार रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां भी कार्यक्रम को देखने के लिए महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वासुदेव राय, विनोद सिंह, रामप्रवेश राय, राजेश कुमार, सतीश कुमार, चंदन कुमार, नीरज कुमार, मनीष कुमार, प्रमोद ठाकुर, शिप्रवेश कुमार, प्रमोद गुप्ता सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












