Advertisement

12 डिग्री कॉलेजों के प्रभारी प्राचार्यों की प्रतिनियुक्ति रद्द, 8 अक्टूबर तक मूल संस्थान में योगदान का निर्देश

-12 डिग्री कॉलेजों के प्रभारी प्राचार्यों की प्रतिनियुक्ति रद्द, 8 अक्टूबर तक मूल संस्थान में योगदान का निर्देश

मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने राजभवन (लोकभवन) के निर्देश के अनुपालन में 12 नये स्थापित डिग्री कॉलेजों के प्रभारी प्राचार्यों की प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। इसमें संबंधित शिक्षकों को 8 अक्टूबर तक विरमित होकर अपने मूल विभाग अथवा अंगीभूत कॉलेज में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद इन 12 डिग्री कॉलेजों का प्रभार अब नजदीकी अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों को सौंपा गया है। विश्वविद्यालय ने नये प्रभारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कर इसकी रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा है।
विश्वविद्यालय ने 12 मई को नये स्थापित डिग्री कॉलेजों के संचालन के लिए शिक्षकों को प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी थी। इन शिक्षकों पर कॉलेजों के प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी थी। इस बीच कुछ शिक्षकों ने स्वयं भी प्रभारी प्राचार्य के पद से मुक्त करने का अनुरोध किया था।


राजभवन के निर्देश के बाद अब विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी है। वापस भेजे गये शिक्षकों में प्रो. आरएन ओझा, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. मकबूल हुसैन, प्रो. श्याम रंजन, प्रो. विजय कुमार, प्रो. राजीव झा, प्रो. रामेश्वर राय, प्रो. राजेंद्र प्रसाद, प्रो. सुनील कुमार, प्रो. विजय कुमार, प्रो. प्रदीप कुमार चौधरी और प्रो. संजय कुमार सुमन शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के इस निर्णय से 12 डिग्री कॉलेजों की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव होगा। अब इन कॉलेजों का संचालन नजदीकी अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों के अतिरिक्त प्रभार में होगा।