Advertisement

सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के आधार पर छह गिरफ्तार

-सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के आधार पर छह गिरफ्तार

दीपक कुमार/ सिंहवाड़ा/दरभंगा। सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वीडियो बनाना और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना युवकों को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 273 बोतल विदेशी शराब, कुल 49.755 लीटर, एक देसी कट्टा, स्प्लेंडर बाइक, एक अन्य मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, हथियार लहराने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें छह लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग के शामिल होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने हथियार के संबंध में पूछताछ और तलाशी के दौरान प्रवीण कुमार ठाकुर से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई की। हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। वहीं, मामले में गुरुदेव भगत के फरार होने की बात सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।