-विकसित भारत के संकल्प से जुड़ें युवा, 2030 तक बिहार से मजबूरी में पलायन रोकने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री
जमुहार/रोहतास, 6 अक्टूबर(दीपक/शालिनी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज परिसर में ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत आयोजित ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने सेवा यात्रा में शामिल यात्रियों का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया और उनके सेवा भाव एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। युवाओं को इस संकल्प से जुड़कर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को समृद्ध बनाए बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। राज्य में सड़क, परिवहन, सिंचाई और जल प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार में सिंचित क्षेत्र करीब 21 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 44 लाख हेक्टेयर हो गया है।

उत्तर बिहार में बाढ़ और दक्षिण बिहार में सुखाड़ की समस्या को देखते हुए जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में हवाई संपर्क का भी विस्तार हुआ है। दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवा शुरू हो चुकी है तथा 2029 से पहले बिहार में 10 एयरपोर्ट संचालित करने का लक्ष्य है। पटना से सासाराम फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में भी कार्य शुरू होने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की करीब 87 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है और जीविका दीदियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि वर्ष 2030 तक बिहार का कोई व्यक्ति मजबूरी में मजदूरी के लिए राज्य से बाहर नहीं जाए। इसके लिए रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
उन्होंने बिहार से बाहर काम कर रहे उद्यमियों से अपनी जन्मभूमि में निवेश करने की अपील की। कार्यक्रम को उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मध्य प्रदेश के सांसद विष्णु दत्त शर्मा, भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह ने भी संबोधित किया।











