-11 दिन से लापता गौरव, इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन एक्टिविटी से बढ़ी पुलिस की उलझन
गायघाट/मुजफ्फरपुर(दीपक)। बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा गांव के वार्ड नंबर 13 से 16 वर्षीय किशोर गौरव कुमार के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला 11 दिन बाद भी नहीं सुलझ सका है। गौरव का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए घटनास्थल के साथ-साथ गौरव की डिजिटल गतिविधियों की भी पड़ताल शुरू कर दी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेनीबाद थाना पुलिस के साथ एफएसएल की विशेष टीम ने गौरव के घर पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की। टीम ने परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर गौरव के घर से निकलने के समय पहने कपड़े, साथ ले जाए गए बैग और हाल के दिनों में उसके व्यवहार एवं गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
परिजनों के अनुसार गौरव घर में बिना बताए एक मोबाइल फोन रखता था। खास बात यह है कि उस मोबाइल में सिम कार्ड नहीं था, इसके बावजूद वह उसका इस्तेमाल करता था। बताया गया कि वह घर के ही एक नंबर से व्हाट्सऐप भी चलाता था। पुलिस अब मोबाइल और उससे जुड़ी डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

गौरव के लापता होने के बाद उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर ऑनलाइन गतिविधि दिखाई देने की बात परिजनों ने बताई है। उनके अनुसार परिचितों की ओर से मैसेज या फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजे जाने के बाद उन्हें ब्लॉक किए जाने अथवा मैसेज का जवाब नहीं देने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस डिजिटल एंगल को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम की मदद से इंस्टाग्राम समेत अन्य ऑनलाइन गतिविधियों की तकनीकी जांच कर रही है।
गौरव के 11 दिनों से लापता रहने के कारण परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता ने पुलिस अधिकारियों से अपने बेटे को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने की गुहार लगाई है। परिवार को अब भी गौरव की सकुशल वापसी की उम्मीद है।
पुलिस ने गौरव के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी रखने वाले लोगों से तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना देने अथवा गौरव की बरामदगी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को उचित पुरस्कार राशि दी जाएगी। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।












