-101 छठ व्रतियों के बीच साड़ी, गमछा और पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण
-स्व. बजरंग बाबू की स्मृति में 17 वर्षों से आयोजित हो रहा कार्यक्रम
-अगले वर्ष 501 व्रतियों को सामग्री देने की घोषणा
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर खरना के दिन सरसई गढ़ रामपुर रत्नाकर में 101 महिला एवं पुरुष छठ व्रतियों के बीच निःशुल्क अंगवस्त्र और पूजन सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम स्व. डॉ. कैलाश प्रसाद शर्मा उर्फ बजरंग बाबू की स्मृति में प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है।
इस दौरान छठ व्रतियों को साड़ी, गमछा, नारियल, फल, अगरबत्ती और माचिस सहित अन्य पूजन सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं पंच-सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने की, जबकि संचालन आलोक कुमार शर्मा ने किया। समारोह का विधिवत उद्घाटन पैक्स प्रबंधक राजमाता रामदुलारी देवी ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि युवा उद्योगपति विकास कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि देवानंद राय उपस्थित रहे। इसके अलावा सुप्रसिद्ध नालवादक बाबा परशुराम शर्मा, सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक उपेंद्र शर्मा, प्राचार्य रामानंद प्रसाद चौरसिया, विनय कुमार झा, उमेश झा, पूजा कुमारी शर्मा, अल्लू झा, शिखा शर्मा, श्रेया, स्नेहा निराला, स्मृति, रुपेश कुमार झा और आदिति सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि विकास कुमार सिंह ने कहा कि पिछले 17 वर्षों से लगातार इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सभी जाति और वर्ग के महिला-पुरुष छठ व्रतियों को पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष इस आयोजन का विस्तार करते हुए 501 छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में आरती शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।












