Advertisement

10 रुपये की बचत से दुकान तक का सफर, लॉटरी से मिला रोजगार: सुधा सखी योजना से आत्मनिर्भर बन रहीं जीविका दीदियां

10 रुपये की बचत से दुकान तक का सफर, लॉटरी से मिला रोजगार: सुधा सखी योजना से आत्मनिर्भर बन रहीं जीविका दीदियां

-जहानाबाद की हीरामणि देवी और किशनगंज की रेशमा कुमारी की कहानी बनी प्रेरणा
-60 हजार रुपये की सरकारी सहायता से पंचायतों में खुल रहे सुधा बिक्री केंद्र

पटना, 15 अक्टूबर(दीपक तिवारी/शालिनी तिवारी)। कभी स्वयं सहायता समूह में महज 10 रुपये जमा कर बचत की शुरुआत करने वाली हीरामणि देवी आज अपनी दुकान चला रही हैं। वहीं, किशनगंज की रेशमा कुमारी को ऑनलाइन आवेदन के बाद लॉटरी के माध्यम से सुधा बिक्री केंद्र मिला, जिससे उन्हें घर के पास ही रोजगार का अवसर हासिल हुआ। बिहार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका सुधा बिक्री केंद्र ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन का नया माध्यम बन रहे हैं।

इस पहल के तहत जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने पंचायत क्षेत्र में सुधा ब्रांड के दूध, दही, घी और अन्य डेयरी उत्पादों की बिक्री के लिए केंद्र खोलने का अवसर दिया जा रहा है। इससे महिलाओं को घर के पास ही रोजगार मिल रहा है और वे परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपनी आमदनी भी बढ़ा रही हैं।

10 रुपये की बचत से शुरू हुआ हीरामणि देवी का सफर:

जहानाबाद जिले की अमैन पंचायत के शाहपुर गांव की रहने वाली हीरामणि देवी की कहानी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। गंगा जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य हीरामणि देवी ने कभी समूह में महज 10 रुपये जमा कर बचत की शुरुआत की थी। आज वह जीविका के सहयोग से सुधा बिक्री केंद्र का संचालन कर रही हैं।

हीरामणि देवी बताती हैं कि इस उम्र में रोजगार का अवसर मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। दुकान के माध्यम से वह घर-परिवार की देखभाल करते हुए कमाई कर पा रही हैं। उनके मुताबिक, जीविका से जुड़ने और सुधा बिक्री केंद्र मिलने से उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिला है।

अमैन पंचायत की मुखिया इंदु देवी का कहना है कि सरकार की इस पहल से महिलाओं का सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ा है। अब महिलाएं अपने पंचायत में रहकर व्यवसाय कर रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।

लॉटरी से रेशमा को मिला रोजगार, घर के पास खुली दुकान:

किशनगंज जिले के बेलवा की रहने वाली रेशमा कुमारी की कहानी भी इस योजना के सकारात्मक प्रभाव को सामने लाती है। दुल्हन जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य रेशमा ने जीविका सुधा बिक्री केंद्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद लॉटरी के माध्यम से उनका चयन हुआ और उन्हें बिक्री केंद्र खोलने का अवसर मिला।

रेशमा बताती हैं कि घर के पास ही दुकान खुल जाने से उन्हें रोजगार के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। इस अवसर से वह काफी खुश हैं। उन्होंने रोजगार का साधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

जहानाबाद की 88 में से 83 पंचायतों में शुरू हुए केंद्र:

योजना के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए जहानाबाद के जीविका जिला परियोजना प्रबंधक विनय कुमार सिंह ने बताया कि सुधा यानी कॉम्फेड के सहयोग से जीविका दीदियों को बिक्री केंद्र खोलने का अवसर दिया जा रहा है। जिले में कुल 88 पंचायतें हैं, जिनमें से 83 पंचायतों में सुधा बिक्री केंद्र के लिए महिलाओं का चयन कर केंद्रों का संचालन शुरू कराया जा चुका है। हीरामणि देवी का केंद्र भी इसी पहल का हिस्सा है।

75 हजार रुपये के निवेश में 60 हजार की सरकारी सहायता:

योजना के तहत बिहार की सभी 8,053 ग्राम पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। एक केंद्र खोलने के लिए कुल 75 हजार रुपये के निवेश का प्रावधान है। इसमें सरकार की ओर से 60 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जबकि लाभार्थी महिला को 15 हजार रुपये का अंशदान करना होता है।

सहायता राशि का उपयोग डीप फ्रीजर, विजी कूलर, दुकान की ब्रांडिंग, पेंटिंग और परिवहन जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए किया जाता है। इससे महिलाओं को कम पूंजी में अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिलता है।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ:

योजना का लाभ लेने के लिए महिला का जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उसके पास संबंधित पंचायत क्षेत्र में अपनी या किराये की दुकान उपलब्ध होनी चाहिए, जहां सुधा बिक्री केंद्र का संचालन किया जा सके।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार से जोड़ना है। हीरामणि देवी की छोटी-सी बचत से शुरू हुई यात्रा और रेशमा कुमारी को मिले रोजगार का अवसर यह दिखाता है कि सही सहयोग और अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा सकती हैं।