Advertisement

सीएम सम्राट ने किया मोतीपुर में मेगा लेदर-फुटवियर क्लस्टर का उद्घाटन

-सीएम सम्राट ने किया मोतीपुर में मेगा लेदर-फुटवियर क्लस्टर का उद्घाटन

-2030 तक बिहार में रोजगार देने का लक्ष्य

मुजफ्फरपुर, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र महवल में 140.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज क्लस्टर और कॉमन फैसिलिटी सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को शेड और भूमि आवंटन पत्र वितरित किए। उद्योग विभाग और फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2030 तक बिहार के युवाओं को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके लिए उद्योगों का विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन और आधारभूत संरचना का विकास किया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों से बिहार में उद्योग स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि औद्योगिक प्रस्तावों की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार 30 दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्र के लिए नीति बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर से पटना और पटना से गया तक रैपिड रेल चलाने की योजना पर काम किया जाएगा। साथ ही, 2030 से पहले बिहार में 1,000 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर विकसित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली की उपलब्धता और सड़क संपर्क में सुधार से औद्योगिक विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के साथ भारी उद्योगों को भी बढ़ावा दे रही है। युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बिहार की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, जिलाधिकारी कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और उद्यमी उपस्थित थे।