Advertisement

1.61 करोड़ की लागत से हाईटेक होंगे समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के रेल फाटक, बढ़ेगी सुरक्षा और खूबसूरती

-1.61 करोड़ की लागत से हाईटेक होंगे समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के रेल फाटक, बढ़ेगी सुरक्षा और खूबसूरती

मुजफ्फरपुर। रेलवे द्वारा रेल समपार फाटकों को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से व्यापक आधुनिकीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के विभिन्न रेल फाटकों के मरम्मत, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा उन्नयन के लिए 1 करोड़ 61 लाख 87 हजार 135 रुपये 60 पैसे की योजना को मंजूरी दी गई है।

इस परियोजना की निगरानी वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (कार्य/लाइन), मुजफ्फरपुर के अधीन की जाएगी। रेलवे प्रशासन जल्द ही इसके लिए टेंडर जारी करेगा। चयनित एजेंसी को कार्यादेश मिलने के बाद छह माह के भीतर सभी कार्य पूरे करने होंगे।

योजना के तहत रेल फाटकों पर सड़क सतह की मरम्मत, गेट लॉज का नवीनीकरण, फेंसिंग, पेंटिंग तथा अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। निविदा में भाग लेने वाले संवेदकों के लिए 3 लाख 23 हजार 800 रुपये की बयाना राशि निर्धारित की गई है।

रेलवे के इस आधुनिकीकरण अभियान में सुरक्षा के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। समपार फाटकों के दोनों ओर हरियाली विकसित की जाएगी तथा खाली पड़ी भूमि पर आकर्षक पौधे, घास और औषधीय उद्यान लगाए जाएंगे। वहीं गेट लॉज और आसपास की दीवारों पर स्थानीय कला, संस्कृति और रेलवे सुरक्षा से जुड़े चित्र उकेरकर उन्हें नया स्वरूप दिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए फाटकों पर सीसीटीवी कैमरे, आधुनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम, एलईडी लाइट, सायरन एवं हूटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा गेटमैन और स्टेशन मास्टर के बीच बेहतर समन्वय के लिए आधुनिक दूरसंचार व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, ताकि ट्रेन आगमन से पहले सड़क यातायात को समय रहते सतर्क किया जा सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने के बाद समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के रेल फाटक न केवल अधिक सुरक्षित बनेंगे, बल्कि उनका स्वरूप भी आधुनिक और आकर्षक दिखाई देगा। इससे यात्रियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी।