Advertisement

हाजीपुर–बरौनी खंड में चला विशेष टिकट चेकिंग अभियान, 75 यात्री पकड़े गए

-हाजीपुर–बरौनी खंड में चला विशेष टिकट चेकिंग अभियान, 75 यात्री पकड़े गए

सोनपुर। सोनपुर मंडल के हाजीपुर–बरौनी खंड में मंडल प्रशासन द्वारा शनिवार को विशेष लाल गाड़ी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करना और रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।

अभियान के दौरान टिकट जांच टीमों ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जाँच की। टीम की सक्रियता के परिणामस्वरूप कुल 75 बिना टिकट यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा उनसे ₹51,800 का जुर्माना वसूल कर रेलवे राजस्व में बढ़ोतरी की गई।

टीटीई और निरीक्षक दल ने कोचों और प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को नियमों के पालन के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने यात्रियों को नियमित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने का संदेश दिया, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।

सोनपुर मंडल समय-समय पर ऐसे विशेष चेकिंग अभियानों का संचालन करता रहा है, जिससे न केवल रेलवे की आय में इजाफा होता है, बल्कि यात्रियों में अनुशासन और जागरूकता भी बढ़ती है।

मंडल वाणिज्य प्रबंधक (वाणिज्य) ने अभियान में शामिल टीम के कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रभावी अभियान निरंतर जारी रखने की बात कही।