Advertisement

बंदरा में आंगनबाड़ी केंद्र चोरों के निशाने पर, एक महीने में आधा दर्जन से अधिक केंद्रों में चोरी

-बंदरा में आंगनबाड़ी केंद्र चोरों के निशाने पर, एक महीने में आधा दर्जन से अधिक केंद्रों में चोरी

मुजफ्फरपुर/बंदरा। जिले के बन्दरा प्रखण्ड के पियर थाना क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले एक महीने के दौरान आधा दर्जन से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को चोरों ने निशाना बनाया है। लगभग सभी घटनाओं में चोर ताला काटकर केंद्र में रखे एलईडी टीवी, इनवर्टर और बैटरी चोरी कर ले गए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
ताजा मामला पियर थाना क्षेत्र की सिमरा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 24 का है। शुक्रवार की रात चोरों ने केंद्र का ताला काटकर अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह सेविका निर्मला सिन्हा जब केंद्र खोलने पहुंचीं तो टूटा हुआ ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर एलईडी टीवी, इनवर्टर और बैटरी गायब मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मामले की सूचना पियर थाना पुलिस और बाल विकास परियोजना कार्यालय (सीडीपीओ) को दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों को लगातार एक ही तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। चोर रात के समय केंद्रों का ताला काटते हैं और अंदर रखे एलईडी टीवी, इनवर्टर और बैटरी लेकर फरार हो जाते हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है।
इससे पहले 20 जुलाई को बड़गांव के करैला और सिमरा के हिराई हरपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में भी इसी तरह ताला काटकर चोरी की गई थी। इन घटनाओं में भी चोर एलईडी टीवी, इनवर्टर और बैटरी लेकर फरार हो गए थे।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बार-बार चोरी होने के बावजूद चोरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और लगातार हो रही इन घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।